• Home
  • रायबरेली
  • एम्स रायबरेली में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन

एम्स रायबरेली में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन

  • 18 माह में पूरा होगा निर्माण कार्य, मरीजों व कर्मचारियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

रायबरेली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायबरेली में संस्थान के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य का भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इसके साथ ही संस्थान परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। भूमि पूजन समारोह में संस्थान की कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अमिता जैन, उप-निदेशक (प्रशासन) कर्नल अखिलेश सिंह, वित्तीय सलाहकार कर्नल यू.एन. राय, अधीक्षण अभियंता हरीश यादव, वरिष्ठ संकाय सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर डॉ. अमिता जैन ने कहा कि प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से संस्थान परिसर में मरीजों, उनके परिजनों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे उनकी सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। अधीक्षण अभियंता हरीश यादव ने बताया कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य लगभग 18 माह में पूरा कर लिया जाएगा। भूमि पूजन के उपरांत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर के विकास एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन ने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। अधोसंरचना विकास के साथ-साथ वृक्षारोपण जैसी पहलें भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया तथा परिसर को अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाने का संदेश दिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक उत्तरदायित्व बताते हुए जनभागीदारी के माध्यम से हरित भारत के निर्माण का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन संस्थान के समग्र विकास, उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top