• Home
  • रायबरेली
  • विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर एम्स रायबरेली ने चलाया जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच अभियान

विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर एम्स रायबरेली ने चलाया जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच अभियान

रायबरेली। विश्व उच्च रक्तचाप दिवस (17 मई) के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायबरेली के सामुदायिक चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा 18 मई 2026 को जहानपुर कोदार पंचायत भवन में विशेष जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. भोला नाथ के मार्गदर्शन तथा फैकल्टी एवं कार्यक्रम के नोडल समन्वयक डॉ. नीरज पवार के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत एमबीबीएस छात्रों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक से हुई, जिसमें उच्च रक्तचाप के जोखिम, नियमित जांच, दवाओं के नियमित सेवन तथा स्वस्थ जीवनशैली और DASH डाइट के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।

राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NP-NCD) के अंतर्गत सीबीएसी (CBAC) फॉर्म का उपयोग करते हुए घर-घर जाकर उच्च रक्तचाप एवं तंबाकू सेवन की स्क्रीनिंग भी की गई। इस अभियान में सीएचओ दीपाली मिश्रा, आशा कार्यकर्ता श्रीमती विनय तथा ग्राम प्रधान मिथेश यादव का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इसके अतिरिक्त 30 से 75 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 40 लोगों की जांच की गई। जिन लोगों का रक्तचाप 140/90 mmHg से अधिक पाया गया, उन्हें आवश्यक दवाएं एवं फॉलो-अप परामर्श प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ रेजिडेंट डॉ. मानस निगम, डॉ. प्रज्ञा वर्मा एवं डॉ. शशांक ममगैन ने भी अपनी सेवाएं दीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में उच्च रक्तचाप के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समय पर जांच और उपचार के प्रति प्रेरित करना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top