• Home
  • हाथरस
  • लेखपाल मुख्य परीक्षा को लेकर डीएम व एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

लेखपाल मुख्य परीक्षा को लेकर डीएम व एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

हाथरस। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्री सीएलआरएन सेकसरिया इंटर कॉलेज तथा पीबीएएस इंटर कॉलेज, हाथरस पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों में परीक्षार्थियों की गतिविधियों का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 10 परीक्षा केंद्रों पर लेखपाल मुख्य परीक्षा आयोजित की जा रही है। भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर मेडिकल टीम भी तैनात की गई है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी सदर, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top