मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर-मस्जिद प्रकरण के याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर ईद के अवसर पर निर्दोष जानवरों की बलि पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने विशेष रूप से मथुरा, काशी और अयोध्या जैसे धार्मिक एवं पवित्र स्थलों पर इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने की अपील की है।
फलाहारी महाराज ने अपने पत्र में कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि, मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली और काशी भगवान शिव की नगरी है। ऐसे दिव्य और धार्मिक स्थलों पर भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक गतिविधियां होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर निर्दोष जानवरों की बलि दिए जाने से सनातन धर्मावलंबियों की भावनाएं आहत होती हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री की कानून व्यवस्था को लेकर सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध नियंत्रण और रामराज की स्थापना की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि धार्मिक स्थलों के आसपास पशु बलि दी जाती है तो इससे श्रद्धालुओं और तीर्थ यात्रियों को पीड़ा पहुंचेगी। फलाहारी महाराज ने कहा कि मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला और माखन चोरी जैसी लीलाओं की पवित्र भूमि है। ऐसे स्थानों पर किसी भी प्रकार की पशु बलि उचित नहीं है।
इस मांग का समर्थन महामंडलेश्वर रामदास महाराज, साध्वी इंदू लेखा और हिंदूवादी नेता सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने भी किया है। उन्होंने भी मुख्यमंत्री से ईद के अवसर पर तीर्थ स्थलों पर पशु बलि पर रोक लगाने की मांग की है।





