हाथरस। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिसिंग व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने के उद्देश्य से आगरा जोन के एडीजी एसके भगत ने सासनी कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा करने के साथ-साथ जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय भी दिया।
मंगलवार को एडीजी के अचानक सासनी कोतवाली पहुंचने से पुलिसकर्मियों में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा व्यवस्था, महिला हेल्प डेस्क और महिला पुलिस चौकी की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इसके अलावा साइबर हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष, रिकॉर्ड रूम, जीडी कार्यालय और प्रभारी निरीक्षक कार्यालय के अभिलेखों की भी जांच की।
एडीजी एसके भगत ने मातहतों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा थाने आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील और शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस का मानवीय चेहरा भी देखने को मिला। एडीजी ने क्षेत्र के करीब दर्जनभर गरीब और असहाय छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप साइकिलें भेंट कीं। साइकिल पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने एसपी हाथरस के निर्देशन में पुलिस द्वारा बच्चियों की शिक्षा और देखभाल में किए जा रहे सहयोग की सराहना की।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, सीओ सिटी हिमांशु माथुर, सीओ सिकंदराराऊ जे.एस. अस्थाना, सीओ सादाबाद तथा प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
मीडिया से बातचीत में एडीजी एसके भगत ने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर अलीगढ़ जाते समय यह औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुलिस बल जमीनी स्तर पर बेहतर कार्य कर रहा है और उनकी प्रगति सराहनीय है।





