• Home
  • कानपुर नगर
  • सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने पक्षी संरक्षण को लेकर निकाली रैली, बनाई मानव श्रृंखला

सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने पक्षी संरक्षण को लेकर निकाली रैली, बनाई मानव श्रृंखला

कानपुर। भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से बेजुबान पक्षियों को बचाने के उद्देश्य से नौबस्ता स्थित कानपुर डिफेन्स फिजिकल एकेडमी में पक्षी संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेना सहित अन्य सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रहे सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए रैली निकाली और मानव श्रृंखला बनाकर पक्षियों के संरक्षण का संदेश दिया।

एकेडमी के डायरेक्टर एवं कार्यक्रम आयोजक सौरभ शुक्ला ने छात्र-छात्राओं को शपथ दिलाते हुए अपील की कि लोग अपने घरों की छत, बालकनी और आंगन में पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था करें, ताकि भीषण गर्मी में उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि पक्षियों को सुरक्षित आश्रय और भोजन-पानी उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।

सौरभ शुक्ला ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मिट्टी के कटोरे, लकड़ी के घोंसले और बर्ड फीडर भी वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण, अनियंत्रित प्रदूषण और तेजी से बदलते पर्यावरण के कारण गौरैया सहित कई छोटे पक्षियों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। ऐसे में केवल जागरूकता ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक बदलाव भी जरूरी है।

कोच राजू बॉक्सर और कोच अंकित ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य लुप्त होती गौरैया और अन्य पक्षियों के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान ऐसे अभियानों के लिए सबसे बेहतर मंच हैं, जहां से संरक्षण की आदतों को समाज तक पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं ने एकेडमी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान कोच राजू बॉक्सर, कोच अंकित सहित बड़ी संख्या में एकेडमी सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top