हाथरस। विकासखंड सादाबाद के सभागार कक्ष में ब्लॉक बाल संरक्षण समिति एवं ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ/बाल विवाह टास्कफोर्स’ की बैठक तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। बैठक को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार सिंह ने एनआरएलएम (NRLM) योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पात्र बच्चों और महिलाओं तक पहुंचाया जाए तथा जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया जाए। सहायक विकास अधिकारी विनोद कुमार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग से डॉ. प्रभाष उपाध्याय ने महिलाओं को एचपीवी (HPV) वैक्सीन के लाभ बताए और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
बाल विकास परियोजना अधिकारी सोनू आर्या ने महिला कल्याण विभाग की योजनाओं के अधिक से अधिक आवेदन कराने तथा ग्राम बाल संरक्षण समिति की बैठकों का कार्यवृत्त प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। महिला कल्याण विभाग से डीएमसी मोनिका दीक्षित ने बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’, ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’, ‘मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना’, ‘रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष’, ‘181 महिला हेल्पलाइन’ और ‘वन स्टॉप सेंटर’ की विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही किशोर न्याय अधिनियम 2015, बाल श्रम, स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर योजना, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 तथा घरेलू हिंसा से सुरक्षा संबंधी कानूनों से भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 1098 और 112 के उपयोग के बारे में भी बताया गया। बैठक में एडीओ पंचायत रामकिशन, एडीओ ग्राम्य विकास विशाल रावत, बीएमएम मीनू, महिला कल्याण विभाग से शिवानी एवं बंटी सहित विकासखंड सादाबाद की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।





