हाथरस। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-93 पर गांव समामई के निकट शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होने से बाल-बाल टल गया। अलीगढ़ की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गंदे नाले में जा घुसा। दुर्घटना में कैंटर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कैंटर चालक अलीगढ़ से हाथरस होते हुए पुणे की ओर जा रहा था। गांव समामई के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कैंटर सड़क से उतरकर सीधे नाले में जा गिरा।
हादसे के तुरंत बाद चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई और मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर स्थानीय पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कैंटर को नाले से बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू कर दी। गनीमत रही कि हादसे के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई और वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से चलता रहा। समय रहते बड़ा हादसा टल जाने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।





