हाथरस। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह शुक्रवार को सिकंद्राराऊ पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान के आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। मंत्री ने कुछ समय रुककर पत्रकारों से बातचीत की और विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इससे पूर्व उन्होंने जनपद हाथरस में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की 20 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय ठाकुर मलखान सिंह की प्रतिमा का भी लोकार्पण किया गया, जो क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
ईद-उल-अजहा के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था और नमाज को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने कहा कि कुछ विपक्षी दल, विशेष रूप से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस, तुष्टिकरण की राजनीति के तहत समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार सभी धर्मों और समुदायों को अपने-अपने पर्व और त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की पूरी स्वतंत्रता देती है। उन्होंने कहा कि जनसुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि नमाज एवं अन्य धार्मिक आयोजन निर्धारित स्थानों पर ही आयोजित किए जाएं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने दावा किया कि ईद-उल-अजहा का पर्व प्रदेशभर में शासन की गाइडलाइन के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है तथा प्रदेश और देश को प्रगति के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मंत्री के आगमन को लेकर सिकंद्राराऊ में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।





