• Home
  • फिरोजाबाद
  • नगर निगम में भ्रष्टाचार के आरोप, व्यापार मंडल ने कैबिनेट मंत्री को सौंपा ज्ञापन

नगर निगम में भ्रष्टाचार के आरोप, व्यापार मंडल ने कैबिनेट मंत्री को सौंपा ज्ञापन

फिरोजाबाद। फिरोजाबाद उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ स्थित राजभवन पहुंचकर कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने नगर निगम फिरोजाबाद में भ्रष्टाचार और कथित रूप से फर्जी एस्टीमेट तैयार किए जाने के आरोप लगाते हुए ज्ञापन सौंपा तथा मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।

ज्ञापन में व्यापार मंडल ने आरोप लगाया कि नगर निगम में बिना आवश्यकता के भारी-भरकम एस्टीमेट तैयार कर विकास कार्यों की योजनाएं बनाई जा रही हैं। व्यापारियों ने विशेष रूप से वार्ड संख्या-49 स्थित हनुमान रोड के निर्माण कार्यों को लेकर सवाल उठाए। व्यापार मंडल के अनुसार वर्ष 2022 में रामद्वारा जानकी द्वारा से राजेंद्र विश्राम गृह तक लगभग 7.44 लाख रुपये की लागत से हॉटमिक्स प्लांट के माध्यम से सड़क निर्माण कराया गया था। इसके बाद वर्ष 2023 में सर्कुलर रोड से राजेंद्र विश्राम गृह तक करीब दो लाख रुपये की लागत से पुनः हॉटमिक्स सड़क का निर्माण कराया गया। इसी अवधि में बड़े हनुमान मंदिर गेट से लोटन लाल श्रीकृष्ण धर्मशाला तक करीब दो लाख रुपये की लागत से पैचवर्क भी कराया गया।

व्यापारियों का आरोप है कि इसके बावजूद वर्ष 2025 में पहले से निर्मित हनुमान रोड के लिए लगभग 50 लाख रुपये का नया टेंडर जारी कर दिया गया। विरोध और शिकायतों के बाद नगर निगम को यह टेंडर निरस्त करना पड़ा, लेकिन व्यापार मंडल का कहना है कि केवल टेंडर निरस्त करना पर्याप्त नहीं है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि सड़क निर्माण संबंधी प्रस्ताव तैयार करने वाले अधिकारियों तथा एस्टीमेट बनाने वाले कर्मचारियों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए। कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शिकायत पत्र नगर विकास मंत्री को भेजा जाएगा तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में नरेश पंजाबी, सुभाष यादव, दिलीप दीक्षित, रामगोपाल बजाज, श्यामवीर सिंह, शिवम सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top