• Home
  • फिरोजाबाद
  • श्रमिकों का हित शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता, समस्याओं का तत्काल निस्तारण करें: डीएम

श्रमिकों का हित शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता, समस्याओं का तत्काल निस्तारण करें: डीएम

फिरोजाबाद। श्रम बंधु, बाल एवं किशोर श्रम समिति तथा जनपदीय बंधुआ सतर्कता समिति की बैठक में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण मजदूरों से जुड़ी विभिन्न हितलाभ योजनाओं का समयबद्ध और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। योजनाओं की जांच में ढिलाई और अनावश्यक विलंब पर संबंधित श्रम प्रवर्तन अधिकारी को फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश भी दिए।

कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिकों का हित शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रमिकों, उद्योग मालिकों तथा श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने सभी श्रम प्रवर्तन अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे केवल कार्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर मौके पर ही शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक में सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि जनपद के 1,159 निर्माण श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत दो करोड़ रुपये की धनराशि कोषागार के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा चुकी है।

जिलाधिकारी ने चूड़ी उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों के हितों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि उनसे निर्धारित आठ घंटे से अधिक कार्य न लिया जाए। साथ ही उन्हें नियमानुसार वेतन उपलब्ध कराया जाए तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामबदन राम, उपायुक्त उद्योग संध्या, सहायक श्रम आयुक्त यशवंत कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी स्वीटी सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top