फिरोजाबाद। ग्रीष्मकालीन मौसम में खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपदभर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य चंदन पांडे के निर्देशन में गठित टीमों ने विभिन्न स्थानों पर छापामार कार्रवाई कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए, जिससे कारोबारियों में हड़कंप मच गया। सहायक आयुक्त ने बताया कि जसराना क्षेत्र में मदर डेयरी आइसक्रीम के दो नमूने लिए गए। इसके अलावा सुहागनगर स्थित आइस लॉलीज एवं आइस कैंडी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों से भी नमूने संग्रहित किए गए। सैलई की पुलिया स्थित एक कोल्ड ड्रिंक एजेंसी से कैफीन युक्त पेय पदार्थ का नमूना लिया गया।
उन्होंने बताया कि बिल्टीगढ़ चौराहा, मक्खनपुर से एक आइसक्रीम का नमूना तथा टूंडला बाईपास स्थित एक आइसक्रीम सप्लायर के यहां से दो नमूने संग्रहित किए गए। वहीं शिकोहाबाद क्षेत्र से भी एक आइसक्रीम का नमूना जांच के लिए लिया गया है। संग्रहित सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार कुँवर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश चंद्र, विनोद वर्मा, जितेंद्र कुमार सिंह, राहुल शर्मा, यशपाल यादव तथा डॉ. अनिल यादव सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।





