हाथरस। आगामी मानसून के दौरान नगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने शनिवार को नगर पालिका परिषद क्षेत्र का भ्रमण कर नालों की चल रही सिल्ट सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नालों से निकाली जा रही सिल्ट और मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य के साथ-साथ निकाले गए कूड़े और मलबे का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को आवागमन में कोई असुविधा न हो और सड़कों को भी नुकसान से बचाया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन मानसून के मद्देनजर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है। नगर क्षेत्र के ड्रेनेज प्लान की समीक्षा पहले ही की जा चुकी है और नगर पालिका द्वारा उसी के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में थर्ड पार्टी एजेंसी के माध्यम से विशेष सफाई अभियान शुरू कराया गया है, जिसकी गुणवत्ता और प्रगति का आकलन करने के लिए वह स्वयं निरीक्षण करने पहुंचे हैं।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालों से निकाली गई सिल्ट सड़क किनारे पड़ी मिली, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अधिकारी को तत्काल मलबा हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय सीमा के भीतर मलबा हटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है और इसका सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र के दुकानदारों और व्यापारियों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील करते हुए कहा कि नालों और सड़कों के किनारे किया गया अतिक्रमण तथा अवैध पार्किंग जल निकासी व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करते हैं। यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन विशेष अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मुरसान गेट स्थित सीवेज पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि इस पंपिंग स्टेशन पर वार्ड संख्या 12, 30 और 31 का वर्षा जल एवं अपशिष्ट जल एकत्रित होता है, जिसे पंपों के माध्यम से नाले में प्रवाहित किया जाता है। जिलाधिकारी ने पंपिंग स्टेशन की क्षमता, कार्यप्रणाली और मानसून के दौरान निर्बाध संचालन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हाथरस सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










