हाथरस। उत्तर प्रदेश शासन ने स्वास्थ्य विभाग में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए हाथरस के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजीव रॉय का स्थानांतरण कर दिया है। उनके स्थान पर डॉ. वेद प्रकाश को जनपद का नया मुख्य चिकित्साधिकारी नियुक्त किया गया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार डॉ. वेद प्रकाश वर्तमान में हापुड़ में मुख्य चिकित्साधिकारी के पद पर कार्यरत थे। उन्हें तत्काल प्रभाव से हाथरस में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उसका प्रमाण पत्र शासन को उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया है।
डॉ. राजीव रॉय के कार्यकाल में जनपद में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का संचालन एवं क्रियान्वयन किया गया। अब डॉ. वेद प्रकाश जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं तथा जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। स्वास्थ्य विभाग के इस प्रशासनिक बदलाव को जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





