हाथरस। सिकंदराराऊ स्थित जीटी रोड के सीपीएस गर्ल्स पीजी कॉलेज में मेधावी छात्रा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 364 छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं घड़ी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बरौली विधायक ठाकुर जयवीर सिंह, वैदिक ज्योतिष संस्थान अलीगढ़ के संस्थापक स्वामी पूर्णानंद पुरी तथा पूर्व विधायक एवं कॉलेज संरक्षक यशपाल सिंह चौहान ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह की अध्यक्षता पूर्व विधायक सुरेश प्रताप गांधी ने की।
मुख्य वक्ता स्वामी पूर्णानंद पुरी ने कहा कि शिक्षा समाज के उत्थान का सबसे प्रभावी माध्यम है। शिक्षित समाज ही विकास के पथ पर अग्रसर हो सकता है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा से परिवार और समाज दोनों सशक्त होते हैं। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देने का भी आह्वान किया। पूर्व मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने कहा कि शिक्षा मनुष्य को अज्ञानता के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाती है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और समाज को जागरूक एवं प्रगतिशील बनाने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान ने कहा कि बेटियां दो परिवारों की जिम्मेदारी निभाती हैं, इसलिए उनका शिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश की प्रत्येक बेटी शिक्षित होगी। कॉलेज के प्रबंधक कृष्ण कुमार राघव ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सम्मान समारोह का उद्देश्य क्षेत्र की बेटियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना तथा उन्हें जीवन में उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर भद्रपाल सिंह चौहान, अशोक जादौन, देवेंद्र राघव, मुकेश चौहान, चेतन शर्मा, जयपाल सिंह चौहान, बसंत कुमार चौहान, शैलेन्द्र पुंडीर, भूपेंद्र सिंह चौहान, गौरव सिसोदिया, अर्थ राघव, नरेंद्र सिंह जादौन, विजयभारत कुलश्रेष्ठ, देवदत्त वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





