हाथरस। उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलिटेक्निक)-2026 का आयोजन जनपद के निर्धारित परीक्षा केंद्र पर 2 जून से प्रारंभ हो गया है। यह परीक्षा 9 जून तक विभिन्न पालियों में आयोजित की जाएगी। जिला नोडल अधिकारी एवं राजकीय पॉलिटेक्निक (एमएमआईटी) के प्रधानाचार्य डॉ. सोनवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके तहत परीक्षा केंद्र पर जोनल मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र पर्यवेक्षक और केंद्र अधीक्षक की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जा रहे हैं, जिनमें गणित के 50 प्रश्न, भौतिक विज्ञान के 25 प्रश्न और रसायन विज्ञान के 25 प्रश्न शामिल हैं। परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न पालियों में आयोजित की जा रही है। पहले दो दिनों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं और परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।





