• Home
  • हाथरस
  • नीलगाय से टकराई बाइक, रिटायर्ड एडीओ पंचायत की मौत

नीलगाय से टकराई बाइक, रिटायर्ड एडीओ पंचायत की मौत

हाथरस। आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर सासनी कोतवाली क्षेत्र के हनुमान चौकी के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सेवानिवृत्त एडीओ पंचायत की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान 62 वर्षीय अमर सिंह पुत्र चरण सिंह निवासी ताला नगरी, अलीगढ़ के रूप में हुई है। अमर सिंह एडीओ पंचायत पद से सेवानिवृत्त थे और मूल रूप से अलीगढ़ के गंगीरी क्षेत्र स्थित नगला लोकी गांव के निवासी थे।

बताया गया है कि अमर सिंह अपनी पत्नी को दवा दिलाने के लिए बाइक से अलीगढ़ से सादाबाद जा रहे थे। इसी दौरान सासनी क्षेत्र में हनुमान चौकी के निकट अचानक एक नीलगाय उनकी बाइक के सामने आ गई। नीलगाय से टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि अमर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top