• Home
  • कानपुर देहात
  • केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यशाला आयोजित

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यशाला आयोजित

अनुपम दुबे: कानपुर देहात। केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा राज्य सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान पखवाड़े के अंतर्गत बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा सोमवार को रूरा रोड स्थित शांति उपवन गेस्ट हाउस में प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, नवाचार, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया, जिससे गरीब और वंचित वर्ग को वित्तीय सेवाओं तक पहुंच मिली। वहीं डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) व्यवस्था से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचने लगा, जिससे पारदर्शिता बढ़ी और भ्रष्टाचार में कमी आई। स्वच्छ भारत अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह एक जनआंदोलन के रूप में विकसित हुआ है। देशभर में लाखों शौचालयों का निर्माण हुआ, जिससे स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी और लोगों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है। इस योजना से करोड़ों परिवारों को धुएं से मुक्त रसोई का लाभ मिला और महिलाओं के स्वास्थ्य व सम्मान को मजबूती मिली।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कौशल विकास और समग्र शिक्षा को बढ़ावा देती है। कार्यक्रम में डायट प्राचार्य पंकज यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडेय, के.एस. चौहान, बउवा पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह, संजय कुमार गुप्ता, शैलेश द्विवेदी, आनंद भूषण, सपना सिंह, ईश्वर कांत मिश्रा, एसआरजी अनंत त्रिवेदी, अजय कुमार गुप्ता, संत कुमार दीक्षित सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top