अनुपम दुबे: कानपुर देहात। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों (सीधी भर्ती-2025) की परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने 8 से 10 जून 2026 तक आयोजित हो रही आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा के तहत अकबरपुर महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल एवं कर्मचारियों की सतर्कता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ दायित्व निभाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अभ्यर्थियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।




