• Home
  • कानपुर देहात
  • नोडल अधिकारी जी.एस. प्रियदर्शी का दो दिवसीय कानपुर देहात भ्रमण कार्यक्रम तय

नोडल अधिकारी जी.एस. प्रियदर्शी का दो दिवसीय कानपुर देहात भ्रमण कार्यक्रम तय

अनुपम दुबे: कानपुर देहात। आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग एवं जनपद के नोडल अधिकारी जी.एस. प्रियदर्शी का 9 एवं 10 जून 2026 को कानपुर देहात जनपद का दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नोडल अधिकारी विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे तथा समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 जून को अपराह्न 3 बजे नोडल अधिकारी का सर्किट हाउस, कानपुर देहात में आगमन होगा। इसके बाद अपराह्न 3:30 बजे से 4 बजे तक मुख्यमंत्री बाल आश्रय योजना के अंतर्गत संचालित बाल देखरेख संस्था हेतु राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) एवं न्याय बोर्ड से संबंधित निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया जाएगा।

अपराह्न 4:20 बजे से 4:50 बजे तक विकास खंड मलासा की ग्राम पंचायत मुरलीपुर में जल जीवन मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित पेयजल परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। इसके पश्चात सायं 5 बजे से 6 बजे तक ग्राम पंचायत डीह में ग्राम चौपाल आयोजित होगी, जिसमें ग्रामीणों की समस्याओं को सुना जाएगा तथा विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी। 10 जून को पूर्वाह्न 10 बजे से 11:30 बजे तक कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में जनपद भ्रमण के दौरान प्राप्त बिंदुओं, पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन, विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।

इसके बाद पूर्वाह्न 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के सभागार में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चिकित्सकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्राम चौपाल, स्थलीय निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक में अद्यतन सूचनाओं के साथ समय से उपस्थित रहना सुनिश्चित करें, जिससे कार्यक्रम का सफल एवं व्यवस्थित संचालन किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top