• Home
  • कानपुर देहात
  • व्यापारियों से संवाद एवं श्रमिकों को हितलाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित

व्यापारियों से संवाद एवं श्रमिकों को हितलाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित

अनुपम दुबे: कानपुर देहात। श्रम विभाग द्वारा विदुर कुटी, पुखरायां में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” की भावना के अनुरूप व्यापारियों से संवाद एवं पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के जागरूकता एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी की जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, मलासा ब्लॉक प्रमुख स्वतंत्र पासवान तथा पुखरायां व्यापार मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में सहायक श्रमायुक्त ने व्यापारियों को सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस से संबंधित पहल तथा श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने निर्माण श्रमिकों के हित में संचालित योजनाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए व्यापारियों और श्रमिकों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने श्रमिक हित से जुड़ी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं सम्मान पत्र वितरित किए।

हितलाभ वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत अटल आवासीय विद्यालय में चयनित 25 बच्चों को शील्ड एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 25 निर्माण श्रमिक परिवारों को सामूहिक विवाह योजना, छह श्रमिकों को मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना, चार श्रमिकों को कन्या विवाह सहायता योजना तथा पांच श्रमिकों को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत लाभ प्रदान किया गया। विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कुल 26.45 लाख रुपये के हितलाभ वितरित किए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए श्रमिकों एवं व्यापारियों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। अंत में जिला विकास अधिकारी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, व्यापारियों एवं श्रमिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सर्व अनुभव अग्रवाल, अनिल कुमार बंसल, कन्हैया गुप्ता सहित अनेक व्यापारी, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top