• Home
  • फिरोजाबाद
  • स्मार्ट रोड के निर्माण में अनियमितता का लगाया आरोप, जांच की मांग

स्मार्ट रोड के निर्माण में अनियमितता का लगाया आरोप, जांच की मांग

फिरोजाबाद। राष्ट्रीय युवा वाहिनी ने सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही स्मार्ट रोड के निर्माण कार्य में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। संगठन ने शुक्रवार को नगर निगम में ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्यदायी संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त की अनुपस्थिति में अपर नगर आयुक्त को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीकांत उपाध्याय की अध्यक्षता में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि वर्ष 2023-24 की सीएम ग्रिड योजना के तहत थाना रसूलपुर से नाले तक करीब 18.80 करोड़ रुपये की लागत से प्रीति बिल्डकॉन प्रा. लि. द्वारा स्मार्ट रोड का निर्माण कराया जा रहा है। संगठन का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों के विपरीत घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है, जिससे आम लोगों, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है और स्थानीय कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। राष्ट्रीय युवा वाहिनी ने मांग की है कि निर्माण कार्य की किसी स्वतंत्र तकनीकी एजेंसी से उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो कार्यदायी संस्था को ब्लैकलिस्ट कर उस पर आर्थिक दंड लगाया जाए। इसके अतिरिक्त, निर्माण कार्य किसी सक्षम एजेंसी से शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही कहा कि निर्माण कार्य में हुई देरी और लापरवाही से जनता को हुए आर्थिक एवं व्यावसायिक नुकसान का आकलन कर उसकी भरपाई संबंधित संस्था से कराई जाए। जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य की नियमित तकनीकी निगरानी सुनिश्चित की जाए। इस दौरान मनीष शर्मा, अमित कुशवाह, आरिफ खान, अकरम परवेज और गौरव शर्मा सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top