फिरोजाबाद। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को जिले के नौ प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का 14 करोड़ रुपये की लागत से लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपनी संस्कृति, विरासत और परंपरा को संरक्षित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मंत्री ने कहा कि मंदिरों के नवनिर्माण और विकास कार्यों से जिले में पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा तथा स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि—
- शिव गुफा मंदिर, बछगांव : ₹153.30 लाख
- शिव एवं माता मंदिर, नगला डूंगर : ₹236.06 लाख
- चोंडेश्वर मंदिर, नगला रामकुंवर : ₹218.25 लाख
- शियर देवी मंदिर, थानेगढ़ी : ₹204.21 लाख
- मनकेश्वर शिव मंदिर, रामगढ़ उमरगढ़ : ₹197.82 लाख
- राधा कृष्ण मंदिर, गोंछ : ₹136.61 लाख
- बजरंग आश्रम, भुंड नगरिया : ₹110.39 लाख
- हिम्मतपुर वाली मैय्या मंदिर, हिम्मतपुर : ₹99.90 लाख
- सनातन मंदिर, पहाड़पुर : ₹53.05 लाख
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, “हमारा उद्देश्य फिरोजाबाद को पर्यटन का हब बनाना है, ताकि लोग यहां की प्राचीन विरासत और संस्कृति से परिचित हो सकें। विशेष रूप से नई पीढ़ी को अपने इतिहास और परंपरा की जानकारी मिलनी चाहिए।” इस अवसर पर टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख सुनील चक, सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।





