मथुरा: श्याम बिहारी भार्गव। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जनपद मथुरा में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। इस माह को जीरो फैटेलिटी माह के रूप में मनाने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क सुरक्षा माह के 30वें दिन राजेश राजपूत, वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के नेतृत्व में नरेश चौधरी, संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित प्रदूषण जांच केंद्रों (पीयूसी सेंटर) का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रदूषण जांच प्रक्रिया एवं मशीनों की सटीकता की जांच की गई। आरआई नरेश चौधरी द्वारा जांच केंद्रों पर प्रयुक्त मशीनों के कैलिब्रेशन की स्थिति को परखा गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहनों से निकलने वाले धुएं का मापन सही ढंग से हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान प्रदूषण जांच केंद्रों के लाइसेंस, वैधता प्रमाण पत्र तथा जांच रिपोर्ट के अभिलेखों की भी गहनता से जांच की गई। साथ ही वाहन स्वामियों को समय से प्रदूषण जांच कराने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश राजपूत ने बताया कि सड़क सुरक्षा केवल हेलमेट और सीट बेल्ट तक सीमित नहीं है, बल्कि वाहनों का पर्यावरण के अनुकूल होना भी इसका अहम हिस्सा है। खराब इंजन और अत्यधिक धुआं सड़क पर दृश्यता को कम करता है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई प्रदूषण जांच केंद्र बिना जांच किए प्रमाण पत्र जारी करता है या मानकों की अनदेखी करता पाया गया, तो उसका लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।
इसी क्रम में यमुना एक्सप्रेस-वे स्थित मांट टोल प्लाजा पर सड़क सुरक्षा संबंधी कार रैली एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आशीष शर्मा, क्षेत्राधिकारी (यातायात), राजेश राजपूत, वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन प्रथम दल), सतेन्द्र कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन द्वितीय दल) तथा टोल प्लाजा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार रैली में स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं स्वयंसेवी संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।





