रायबरेली। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) द्वारा आज ग्राम पंचायत विनोहरा, विकासखण्ड राही में जल अर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक अदिति सिंह ने की। इस अवसर पर जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्ण की गई पेयजल आपूर्ति योजना को औपचारिक रूप से संबंधित ग्राम पंचायत एवं ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति (वीडब्ल्यूएससी) को हस्तांतरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन, रखरखाव एवं सतत प्रबंधन की जिम्मेदारी स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित करना रहा।
सदर विधायक अदिति सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जल अर्पण कार्यक्रम जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण स्थानीय स्वामित्व, जवाबदेही एवं सामूहिक सहभागिता को मजबूत करेगा, जिससे पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित होगी। उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम स्तर पर संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी मिलने से योजनाओं की गुणवत्ता और सेवाओं की निरंतरता बनी रहेगी।
इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर नल से जल के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। बताया गया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत राज्य में सुरक्षित, स्वच्छ एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान हर घर जल घोषणा के साथ जल अर्पण के प्रतीकात्मक हस्तांतरण प्रमाण पत्र ग्राम पंचायत एवं वीडब्ल्यूएससी के प्रतिनिधियों को प्रदान किए गए।
सदर विधायक ने कहा कि जल अर्पण कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम पंचायतों को योजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण की जिम्मेदारी सौंपकर स्थानीय स्तर पर सतत जल प्रबंधन को बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि जल संसाधनों का संरक्षण, उचित उपयोग एवं प्रबंधन केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि एक सामूहिक सामाजिक उत्तरदायित्व है, जिसमें ग्राम पंचायतों, ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों तथा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता (सिविल एवं वि.यो.), उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, ग्राम प्रधान, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।





