फिरोजाबाद। प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी रमेश रंजन ने अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। डीएम ने कहा कि सामूहिक विवाह योजना के निर्धारित लक्ष्य पूरे हो चुके हैं। उन्होंने सुनिश्चित करने को कहा कि इस योजना में कोई अपात्र या फर्जी व्यक्ति शामिल न हो। इच्छुक लाभार्थियों को रजिस्ट्रार कार्यालय में जाकर अपना पंजीकरण अवश्य कराना चाहिए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। निराश्रित महिला पेंशन योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय स्तर पर कैंप आयोजित कर विधवा पेंशन के फार्म भरवाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं लाभांवित हो सकें। साथ ही, उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृद्धावस्था पेंशन हेतु अपने क्षेत्रों में कैंप आयोजित करें और लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करें। कन्या सुमंगला योजना के संबंध में डीएम ने कहा कि यह केवल आर्थिक सहायता योजना नहीं है, बल्कि बेटियों के प्रति समाज की सोच बदलने का माध्यम भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर सीडीओ शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी वि/रा विशु राजा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे: डीएम





