• Home
  • हाथरस
  • यूपी बोर्ड परीक्षा–2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक

यूपी बोर्ड परीक्षा–2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक

हाथरस | संवाददाता

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष–2026 को सकुशल, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ पुलिस लाइन, हाथरस स्थित ऑडिटोरियम में सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट्स एवं केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों, वाह्य केंद्र व्यवस्थापकों एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए शासन की गाइडलाइन के अनुरूप परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है। बैठने की समुचित व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश परीक्षार्थी व्यवस्थित ढंग से परीक्षा नहीं दे पाता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित केंद्र व्यवस्थापक एवं तैनात अधिकारियों की होगी। यदि किसी केंद्र पर निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं पाई जाती हैं तो उस केंद्र को निरस्त करने और भविष्य में परीक्षा केंद्र न बनाए जाने की संस्तुति की जाएगी। परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण व संकलन तथा प्रवेश व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित होंगी। प्रथम पाली प्रातः 8:30 से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:00 से 5:15 बजे तक संचालित होगी। जनपद में कुल 99 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिन पर 44,370 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। इनमें हाईस्कूल के 22,162 तथा इंटरमीडिएट के 22,208 परीक्षार्थी शामिल हैं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी, सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट्स, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Releated Posts

Scroll to Top