रायबरेली। सेवानिवृत्त शिक्षक कल्याण परिषद की मासिक बैठक पेंशनर भवन, कलेक्ट्रेट परिसर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम का शुभारंभ दुर्गेश जी द्वारा ईश वंदना से किया गया। विभिन्न विकास खंडों के अध्यक्षों, मंत्रियों और सदस्यों ने बैठक में सहभागिता दर्ज कराई।
बैठक में सेवानिवृत्त शिक्षकों के नोशनल इंक्रीमेंट की प्रगति को लेकर सदन ने अध्यक्ष से जानकारी चाही। अध्यक्ष ने बताया कि वर्ष 2006 से 2012 तक के अधिकांश नोशनल इंक्रीमेंट संबंधित पेंशनरों के खातों में भेजे जा चुके हैं। कुछ प्रकरण अवशेष हैं, जिन्हें शीघ्र निस्तारित कर खातों में धनराशि प्रेषित कर दी जाएगी। वर्ष 2013 से 2015 तक के प्रकरण अनुमोदन के लिए भेजे गए हैं और स्वीकृति मिलते ही जिला कोषागार अधिकारी द्वारा संबंधित खातों में राशि भेजे जाने की संभावना है।
जिला कोषाध्यक्ष बालकृष्ण और जिला महामंत्री गणेश बक्श सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मीडिया प्रभारी मोहम्मद इस्माइल खान ने अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय द्वारा जीवन प्रमाण पत्र के संबंध में प्राप्त पत्र की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही वरिष्ठ कोषाधिकारी कार्यालय से प्राप्त पत्र पढ़कर सुनाया गया, जिसमें अपील की गई कि यदि किसी पेंशनर की असामयिक मृत्यु हो जाए तो संगठन उनके परिजनों से संपर्क कर समय से सूचना जिला कोषागार अधिकारी तक पहुंचाने में सहयोग करे। बैठक के दौरान विगत महीनों में दिवंगत हुए पेंशनरों की आत्मा की शांति के लिए मंडल मंत्री कृपा शंकर द्विवेदी ने शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर गया बक्स सिंह, राम अभिलाष सिंह, कृष्ण नारायण पांडे, नसीम अहमद, गया शंकर त्रिवेदी, संतोष सिंह, चंद्रभान सिंह, मोहम्मद अयूब खान, एहतेशाम अहमद सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त शिक्षक उपस्थित रहे।





