• Home
  • रायबरेली
  • आरेडिका में अखिल रेल हिंदी नाट्योत्सव का भव्य समापन

आरेडिका में अखिल रेल हिंदी नाट्योत्सव का भव्य समापन

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना रायबरेली (आरेडिका) में 21 मार्च से 25 मार्च 2026 तक आयोजित अखिल रेल हिंदी नाट्योत्सव का भव्य समापन गरिमामयी माहौल में हुआ। समापन समारोह में महाप्रबंधक विवेक खरे, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान सुरक्षा आयुक्त रमेश चन्द्र, रेलवे बोर्ड की निदेशक राजभाषा डॉ वी सगुणा तथा उपनिदेशक सतविंदर सिंह की उपस्थिति रही।

महाप्रबंधक विवेक खरे ने अपने संबोधन में कहा कि रेलवे बोर्ड द्वारा आरेडिका को दूसरी बार इस स्तर के राजभाषा कार्यक्रम की मेजबानी का अवसर दिया जाना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विभिन्न रेलवे की नाट्य प्रस्तुतियां विचार, भाव और प्रेरणा से परिपूर्ण रहीं। नाटक केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने का सशक्त माध्यम है।

निदेशक राजभाषा डॉ. वी सगुणा ने आयोजन की व्यवस्थाओं—आवास, परिवहन और भोजन—की सराहना की। नाट्योत्सव में निर्णायक मंडल की भूमिका चित्रा मोहन, विवेक श्रीवास्तव और अर्पित मिश्रा ने निभाई। निर्णायकों ने सभी प्रस्तुतियों को उच्च स्तर का बताते हुए विजेताओं का चयन चुनौतीपूर्ण बताया।

प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार मध्य रेलवे के नाटक “आधे-अधूरे” को मिला, जबकि दक्षिण मध्य रेलवे के “अखण्ड पर्व” ने द्वितीय और पूर्वोत्तर रेलवे के “प्रेशर” ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा पांच प्रेरणा पुरस्कार भी विभिन्न नाटकों को प्रदान किए गए।

व्यक्तिगत श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार किशोर कुमार (पूर्वोत्तर सीमा रेलवे), सर्वश्रेष्ठ अभिनेता संतोष सुरेश वेलेस्कर (मध्य रेलवे) और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री प्रियंका फुलझेले (दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे) को मिला। साथ ही वेशभूषा, रूप सज्जा, स्क्रिप्ट लेखन, संगीत, मंच सज्जा और प्रकाश परिकल्पना सहित कुल 15 श्रेणियों में पुरस्कार वितरित किए गए।

आरेडिका के नाटक “परिणति” के लिए विशेश्वर प्रसाद को सर्वश्रेष्ठ स्क्रिप्ट लेखन और साक्षी कुमारी को सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार का पुरस्कार मिला, जो संस्थान के लिए गौरव का विषय रहा।

कार्यक्रम के अंत में उपमुख्य राजभाषा अधिकारी अभिनव यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विभिन्न रेलवे जोनों, प्रशिक्षण संस्थानों और उत्पादन इकाइयों की 21 टीमों के कलाकारों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आर.एन. तिवारी द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top