रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत एम्स रायबरेली में नर्सिंग एवं पैरामेडिकल छात्राओं हेतु बालिका छात्रावास निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। दिनांक 19 मई 2026 को आयोजित भूमि पूजन समारोह के साथ परियोजना का औपचारिक रूप से शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर एनटीपीसी ऊंचाहार के परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह तथा एम्स रायबरेली की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
इस परियोजना के लिए एनटीपीसी लिमिटेड एवं एम्स रायबरेली के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoA) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। योजना के अंतर्गत जी+7 (सात मंजिला) आधुनिक छात्रावास भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसमें कुल 65 आवासीय कक्ष होंगे। इनमें नर्सिंग एवं पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों की छात्राओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
यह छात्रावास छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के साथ उनके आत्मविश्वास और व्यावसायिक विकास में भी सहायक होगा। परियोजना से क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलने और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अधिक प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध होने की उम्मीद जताई गई है।





