पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ की अध्यक्षता में पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऑयल कंपनियों के विक्रय अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि 25 मार्च को जनपद में 9,442 एलपीजी घरेलू गैस सिलेंडरों की आमद हुई, जिनमें से 8,864 का वितरण किया गया, जबकि 16,090 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं। इसी प्रकार पेट्रोल 1344.343 केएल और डीजल 1714.052 केएल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में ईंधन और गैस का कोई अभाव नहीं है।
जनहित को ध्यान में रखते हुए एडीएम (प्रशासन) ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। गैस एजेंसियों पर केवाईसी के लिए उमड़ रही भीड़ को नियंत्रित करने हेतु गैस वितरण काउंटर के अतिरिक्त अलग से केवाईसी काउंटर/स्टॉल स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी एजेंसियों पर उपभोक्ताओं के लिए स्वच्छ पेयजल और गर्मी से बचाव हेतु छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा प्रत्येक गैस एजेंसी के लिए नामित नोडल अधिकारी का मोबाइल नंबर हर समय सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए, ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। एलपीजी गैस वितरण “प्रथम आवक-प्रथम पावक” के आधार पर सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। यदि किसी कारणवश नोडल अधिकारी से संपर्क न हो पाए, तो उपभोक्ता कंट्रोल रूम नंबर 7275765147 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
एडीएम (प्रशासन) ने आमजन से अपील की कि जनपद में गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिला प्रशासन सभी उपभोक्ताओं को गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए प्रतिबद्ध है।










