रायबरेली। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत विकास खंड राही के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेला में “कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। इस दौरान महिला कल्याण विभाग द्वारा 7 नवजात बच्चियों को बेबी किट एवं मिठाई वितरित की गई। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. राकेश यादव ने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, जननी सुरक्षा केंद्र, दवाओं तथा जच्चा-बच्चा देखभाल से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने साफ-सफाई के महत्व पर जोर देते हुए महिलाओं को प्रसव के बाद स्वयं और नवजात शिशु की देखभाल के बारे में भी जागरूक किया।
इस अवसर पर अभिभावकों को कन्या सुमंगला योजना का लाभ लेने के लिए जनसेवा केंद्र पर आवेदन करने की जानकारी दी गई तथा योजना से संबंधित पम्पलेट भी वितरित किए गए। जेंडर स्पेशलिस्ट पूजा तिवारी ने महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री सामूहिक विवाह योजना और राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
वहीं जेंडर स्पेशलिस्ट सुषमा कश्यप ने वन स्टॉप सेंटर तथा विभिन्न टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर—181, 112, 1098, 1090, 108 और 1076—के बारे में जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में बीसीपीएम, आशा कार्यकर्ता, स्वास्थ्यकर्मी, महिलाएं एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।





