रायबरेली। नगर में हिंदी साहित्य के महान पुरोधा आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी की स्मृतियों को सहेजने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इस क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर द्वारा कई महत्वपूर्ण पहलें शुरू की गई हैं। आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी न्यास के संरक्षक गौरव अवस्थी ने बताया कि स्मृति संरक्षण अभियान के तहत राजघाट पर आचार्य द्विवेदी चौक का निर्माण कराया जा रहा है, जहां आचार्य द्विवेदी की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जा चुकी है। चौक का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है।
नगर पालिका परिषद द्वारा विकसित किए जा रहे इस स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए भी अतिरिक्त कार्य स्वीकृत कर दिए गए हैं। इसके साथ ही, प्रतिमा स्थल पर शहर के गणमान्य लोगों की एक बैठक आयोजित करने की योजना है, जिसमें भव्य अनावरण समारोह को लेकर चर्चा की जाएगी। इसी क्रम में, न्यास के अनुरोध पर नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर ने पूर्व में निर्मित आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी द्वार के पुनरनवीनीकरण का कार्य भी प्रारंभ करा दिया है।
प्रतिमा स्थल के निकट आयोजित बैठक में न्यास के सभी सदस्यों ने समारोहपूर्वक अनावरण कराने का संकल्प लिया और नगर पालिका अध्यक्ष के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया।





