• Home
  • रायबरेली
  • आरेडिका ने वित्तवर्ष 2025-26 में अब तक का सर्वाधिक कोच उत्पादन का बनाया रिकॉर्ड

आरेडिका ने वित्तवर्ष 2025-26 में अब तक का सर्वाधिक कोच उत्पादन का बनाया रिकॉर्ड

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2126 कोचों का उत्पादन कर अब तक का सर्वाधिक कोच उत्पादन का ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। कोविड-19 के बाद आरेडिका पिछले वर्षों से लगातार कोच उत्पादन के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में आरेडिका ने 2025 कोचों का उत्पादन किया था। इससे आगे बढ़ते हुए वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 2126 कोचों का उत्पादन कर पिछले वर्ष की तुलना में 5 प्रतिशत अधिक कोच बनाए गए।

इस वर्ष के उत्पादित कोचों की मुख्य खासियत यह रही कि आरेडिका ने पहली बार ‘वंदे भारत’ रेक का निर्माण पूरा कर लिया है। एक रेक टेस्टिंग स्टेज में है, जिसे शीघ्र ही परिचालन के लिए क्षेत्रीय रेलवे को सौंपा जाएगा। इन 2126 कोचों में विभिन्न प्रकार के कोच शामिल हैं, जिनमें वंदे भारत, मेमू, दीनदयालु, स्लीपर, 3-टियर इकोनॉमिक, वातानुकूलित 3-टियर, जनरल चेयर कार, पावर कार, 2-टियर, दिव्यांगजन के लिए कोच, तेजस, पार्सल वैन, एसी चेयर कार आदि का निर्माण किया गया है। इस वित्तीय वर्ष में आरेडिका ने 2168 कोच सेट बोगी, 2205 कोच शेल असेंबली तथा 2182 व्हील सेट का निर्माण किया, जो अब तक का सर्वाधिक उत्पादन है।

आरेडिका ने वित्त वर्ष 2025-26 में 62,938 व्हीलों का रिकॉर्ड उत्पादन किया

आत्मनिर्भर भारत के तहत उत्कृष्ट उत्पादों एवं अत्याधुनिक तकनीकों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देते हुए आरेडिका एलएचवी एवं लोको व्हीलों का उत्पादन कर रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में आरेडिका को 50,000 फोर्ज्ड व्हीलों के उत्पादन का लक्ष्य दिया गया था, जिसके सापेक्ष 62,938 पहियों की फोर्जिंग की गई, जो वित्तीय वर्ष 2024-25 से 54 प्रतिशत अधिक है। वहीं 59,161 फिनिश्ड पहियों (क्वालिटी जांच में पास) का उत्पादन किया गया, जो पिछले वर्ष से 77 प्रतिशत अधिक है। रेल मंत्रालय द्वारा फोर्ज्ड व्हील प्लांट के अधिग्रहण के बाद पहियों के उत्पादन में लगातार वृद्धि हो रही है। आरेडिका को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 60,000 व्हीलों के उत्पादन का लक्ष्य दिया गया है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर आरेडिका के महाप्रबंधक विवेक खरे ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधान मुख्य विभागाध्यक्षों के नेतृत्व में टीम एमसीएफ के कोच उत्पादन के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियनों के प्रतिनिधियों एवं संविदा कर्मचारियों को बधाई दी और आगे भी इसी तरह कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में आरेडिका रेलवे बोर्ड द्वारा दिए गए लक्ष्यों को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित है और आगे भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आर. एन. तिवारी ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top