हाथरस। स्मार्ट मीटर के कारण अचानक बिजली कटने से हो रही परेशानियों को लेकर जनसेवार्थ मंच के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने तकनीकी कमियों का हवाला देते हुए बिजली डिस्कनेक्शन पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। आशीष सेंगर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह से मुलाकात कर बताया कि जनपद में पुराने मीटर हटाकर प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए गए, लेकिन उपभोक्ताओं को न तो इसकी पर्याप्त जानकारी दी गई और न ही कोई प्रशिक्षण दिया गया। इससे आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक बिजली सप्लाई बंद कर दी जाती है, जिससे उपभोक्ता परेशान होकर बिजली विभाग के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। कई मामलों में रिचार्ज कराने के बाद भी घंटों तक बिजली बहाल नहीं होती, जबकि कुछ जगहों पर 24 घंटे बाद आपूर्ति सुचारू हो पाती है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि जब तक स्मार्ट मीटर की तकनीकी व्यवस्था पूरी तरह मजबूत नहीं हो जाती, तब तक बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को कम से कम दो माह का ग्रेस पीरियड देने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की भी मांग की गई। इस दौरान नारायण लाल, भगवान वर्मा, हरप्रसाद माहौर, मनीष कूलवाल, वीरेंद्र माहौर और सोहन सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।





