• Home
  • हाथरस
  • समाधान दिवस में शिकायतों के निस्तारण की धीमी रफ्तार, फरियादियों में निराशा

समाधान दिवस में शिकायतों के निस्तारण की धीमी रफ्तार, फरियादियों में निराशा

☞ 196 शिकायतों में से मात्र 11 का मौके पर समाधान

हाथरस। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान शिकायतों के अपेक्षित निस्तारण न होने से फरियादियों में निराशा देखने को मिली। जनपद में आयोजित समाधान दिवस में कुल 196 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से केवल 11 का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका। तहसील हाथरस में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ जनसुनवाई की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

तहसील हाथरस में कुल 62 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। अन्य तहसीलों की बात करें तो सिकन्द्राराऊ में 79 में से 2, सादाबाद में 22 में से 2 तथा सासनी में 33 में से 2 शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद सहित अन्य मामलों में मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top