ऊंचाहार, रायबरेली। विधायक ऊंचाहार डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने रविवार को दुर्गागंज में इंटरलॉकिंग सड़क और पखरौली में वीरा पासी स्मृति द्वार का लोकार्पण किया। इस दौरान क्षेत्र में विकास कार्यों की श्रृंखला के तहत कई परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया गया। विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड गौरा की ग्राम पंचायत रायपुर के कितूली, धमधमा, चरुहार जियाइक और धीरनपुर पखरौली सहित विभिन्न गांवों में एक दर्जन से अधिक नई सड़कों का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्रीय जनता को आवागमन में सुविधा मिलेगी और विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूत वीरा पासी की स्मृति में विधायक निधि से स्वागत द्वार का निर्माण कराया गया है, जिसका लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनता को सुविधा, सम्मान और अधिकार दिलाना उनकी प्राथमिकता है। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख डलमऊ शिवराम रावत, ब्लॉक प्रमुख रोहनिया राकेश पासवान, प्रधान रमेश पासवान सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





