• Home
  • रायबरेली
  • विश्व स्वास्थ्य दिवस पर एम्स रायबरेली का जनस्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर एम्स रायबरेली का जनस्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित

रायबरेली। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर “साथ मिलकर स्वास्थ्य के लिए: विज्ञान के साथ खड़े रहें” थीम के तहत एम्स रायबरेली द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलाभेला में एक व्यापक जनस्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम डॉ. अमिता जैन, कार्यकारी निदेशक, एम्स रायबरेली के निर्देशानुसार तथा डॉ. भोला नाथ, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, सामुदायिक चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत एमबीबीएस बैच 2023 और नर्सिंग छात्रों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक से हुई। इस नाटक के माध्यम से छात्रों ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के “वन हेल्थ” कॉन्सेप्ट को सरल भाषा में समझाया, जिसमें मानव, पशु और पर्यावरण के स्वास्थ्य के आपसी संबंध को दर्शाया गया। इस प्रस्तुति ने लोगों को स्वच्छता, बीमारियों से बचाव और वैज्ञानिक सोच अपनाने के प्रति जागरूक किया।

इसके बाद राही ब्लॉक की आशा कार्यकर्ताओं के लिए स्तन कैंसर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। यह सत्र डॉ. मुकेश शुक्ला, एसोसिएट प्रोफेसर, सामुदायिक चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य विभाग तथा डॉ. दीपक राजपूत, विभागाध्यक्ष, जनरल सर्जरी विभाग द्वारा लिया गया। सत्र में स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षण, स्वयं जांच (सेल्फ एग्जामिनेशन) के महत्व और समय पर जांच व उपचार की आवश्यकता पर विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त 30 से 60 वर्ष की महिलाओं के लिए गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की जांच हेतु विशेष शिविर भी लगाया गया। यह शिविर पैथोलॉजी विभाग और प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें महिलाओं की जांच कर उन्हें जोखिम कारकों, लक्षणों और नियमित जांच के महत्व के बारे में परामर्श दिया गया।

कार्यक्रम में नर्सिंग संकाय की सुश्री शिल्पा, सीनियर रेजिडेंट डॉ. मौसुमी तथा जूनियर रेजिडेंट डॉ. असेष्ता, डॉ. नैन्सी, डॉ. सुजान और डॉ. शैव्या सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

यह पहल एम्स रायबरेली की सामुदायिक सेवा और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जो लोगों को विज्ञान के साथ जुड़कर बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top