फिरोजाबाद। रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक के साथ आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। थाना जसराना क्षेत्र के गांव भटियारी सराय में 17 वर्षीय किशोर सोनू पुत्र गिरीश चंद्र खेतों की ओर गया था, तभी वह नीचे लटक रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के तार काफी नीचे लटक रहे थे, जिसकी शिकायत कई बार विभाग से की गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि तारों को ठीक कराने के नाम पर विद्युत विभाग के कर्मचारी पैसे की मांग करते हैं, जिससे समस्या जस की तस बनी रहती है और ऐसे हादसे होते रहते हैं। सूचना पर एसडीएम जसराना और सीओ जसराना प्रेम प्रकाश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीओ जसराना प्रेम प्रकाश पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने का है। संबंधित विभाग से जानकारी ली जा रही है और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।





