फिरोजाबाद। शहर के गांधी पार्क से जुड़े क्षेत्रों में उस समय विद्युत आपूर्ति ठप हो गई, जब 33 केवीए की अंडरग्राउंड लाइन में अचानक फाल्ट हो गया। इस कारण कई इलाकों में करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को भीषण गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे सप्लाई फेल होने से गांधी पार्क उपकेंद्र से जुड़े बस स्टैंड फीडर के अंतर्गत आने वाले दर्जनों मोहल्लों में बिजली गुल हो गई। देवनगर, करबला, स्टेशन रोड, बस स्टैंड सहित कई क्षेत्रों में लोग गर्मी से बेहाल हो गए। घरों और प्रतिष्ठानों में लगे इनवर्टर भी लंबे समय तक बिजली न आने के कारण जवाब दे गए। स्थानीय लोगों ने समस्या को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से अधिकारियों को सूचना देने का प्रयास किया और फोन भी किए, लेकिन समय पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। लोगों ने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा मेंटेनेंस कार्य केवल औपचारिकता बनकर रह गया है।
बताया गया कि 33 केवीए लाइन में फाल्ट के कारण केबल जलकर क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस लाइन में पहले भी कई बार फाल्ट की समस्या सामने आ चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर लाइनों की पेट्रोलिंग कराई जाए तो छोटे फाल्ट बड़े नुकसान में तब्दील होने से बच सकते हैं। अधीक्षण अभियंता (शहर) विजय मोहन खेड़ा ने बताया कि 33 केवीए लाइन में फाल्ट के चलते आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद ठीक कर सुचारू कर दिया गया। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में लाइनों की नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करें, अन्यथा लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।










