• Home
  • फिरोजाबाद
  • मंदिरों में प्लास्टिक पॉलीथिन में प्रसाद वितरण पर रोक लगाने के निर्देश

मंदिरों में प्लास्टिक पॉलीथिन में प्रसाद वितरण पर रोक लगाने के निर्देश

फिरोजाबाद। जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं जनस्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित खाद्य सुरक्षा सलाहकार एवं सतर्कता समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विभागीय कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन में जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की उपलब्धता प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर प्रसाद और पूजा सामग्री के वितरण में प्लास्टिक पॉलीथिन के उपयोग पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उपयोग के बाद एकत्रित की जाने वाली प्लास्टिक पॉलीथिन कई बार अस्वच्छ परिस्थितियों में पुनर्चक्रित की जाती है, जिससे स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने संबंधित विभागों को धार्मिक स्थलों पर प्रसाद एवं पूजा सामग्री के लिए प्लास्टिक पॉलीथिन के उपयोग पर रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों से कपड़े, कागज तथा अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की। बैठक में व्यापार मंडल के प्रतिनिधि वी.एस. गुप्ता ने औषधि विक्रेताओं द्वारा एक्सपायर दवाइयों की बिक्री तथा ग्राहकों को बिल न देने की शिकायत उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने औषधि निरीक्षक को सुधारात्मक एवं जागरूकता संबंधी कार्रवाई करने तथा खाद्य एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में शत्रोहन वैश्य, कल्पना जायसवाल, मोहन लाल गुप्ता, चंदन पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top