• Home
  • फिरोजाबाद
  • बिजली विभाग का अभियान जारी, 6.12 लाख बकाए पर 12 कनेक्शन काटे

बिजली विभाग का अभियान जारी, 6.12 लाख बकाए पर 12 कनेक्शन काटे

फिरोजाबाद। बिजली विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बकाएदारों और बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को नगला खंगर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान 6.12 लाख रुपये के बकाए पर 12 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए, जबकि पांच लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। अधीक्षण अभियंता चंद्रजीत प्रसाद के निर्देशन में अधिशासी अभियंता अमित कुमार के नेतृत्व तथा एसडीओ प्रथम सत्यप्रकाश सिंह की मौजूदगी में नगला खंगर उपकेंद्र से जुड़े गांव बलीपुर में घर-घर जाकर चेकिंग अभियान चलाया गया।

अवर अभियंता अतुल कुमार गुप्ता ने बताया कि गांव में 12 उपभोक्ताओं पर लगभग 6.12 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया था। निर्धारित समय तक भुगतान न करने पर उनके कनेक्शन विच्छेदित कर दिए गए। अभियान के दौरान पांच लोग अपने घरों में अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए। टीम ने मौके की वीडियोग्राफी कराई और आरोपियों के खिलाफ संबंधित थाने में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से मीटर के माध्यम से ही बिजली उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लाइन लॉस कम करने, बिजली चोरी रोकने तथा ईमानदार उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अभियान में विद्युत विभाग के जेई, संविदा कर्मचारी, लाइन स्टाफ तथा पुलिस बल की टीम भी मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top