फिरोजाबाद। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने घंटाघर को फिरोजाबाद की ऐतिहासिक पहचान और वैश्य समाज की धरोहर बताते हुए उसके निर्माण एवं पुनर्निर्माण को सर्वसम्मति से किए जाने की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट किया कि घंटाघर पर किसी भी प्रकार का एफिल टावर जैसी संरचना का निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा और व्यापार मंडल घंटाघर बाजार कमेटी के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। यह बात भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रामनरेश कटारा ने वार्ता के दौरान कही। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ तथाकथित व्यापारी नेता निजी स्वार्थों के कारण व्यापारियों का अहित कर रहे हैं तथा अनर्गल बयानबाजी से माहौल खराब कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे प्रयासों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सदर विधायक मनीष असीजा हमेशा व्यापारी हितों के लिए संघर्षरत रहे हैं और उनके प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
महानगर अध्यक्ष प्रशांत माहेश्वरी ने कहा कि कुछ स्वयंभू व्यापारी नेता केवल अपने स्वार्थ के लिए राजनीति कर रहे हैं और व्यापारियों को गुमराह करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की व्यापारियों की समस्याओं के समाधान में कोई रुचि नहीं है। शास्त्री मार्केट के मुद्दे पर व्यापार मंडल ने नगर निगम द्वारा मार्केट को तोड़कर कॉम्प्लेक्स बनाने, किराया बढ़ाने और दुकानों के ट्रांसफर से जुड़े प्रस्तावों का विरोध किया। संगठन का कहना है कि ये निर्णय व्यापारियों के हित में नहीं हैं और भारतीय उद्योग व्यापार मंडल इन मुद्दों पर व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त से किसी के बहकावे में न आने और व्यापारी हितों को सर्वोपरि रखते हुए निर्णय लेने की अपील की। इस दौरान संगठन के विस्तार की घोषणा करते हुए प्रदीप शर्मा को युवा जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक में सुनील पेंगोरिया, सुधीर बंसल, राम यादव, कमल कुमार जैन, राज प्रकाश गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।





