• Home
  • रायबरेली
  • स्कूल चलो अभियान के तहत बच्चों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक वितरित

स्कूल चलो अभियान के तहत बच्चों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक वितरित

रायबरेली। प्रदेश सरकार द्वारा एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक संचालित स्कूल चलो अभियान एवं नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत विकास खंड डीह में ब्लॉक स्तरीय रैली और गोष्ठी का आयोजन किया गया।

विकास खंड कार्यालय डीह में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि विधायक सलोन अशोक कुमार ने न्याय पंचायत क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय डीह प्रथम, डीह द्वितीय, जगदीशपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर, शादीपुर कोटवा तथा राजकीय इंटर कॉलेज डीह के बच्चों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया और उन्हें शिक्षित बनने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि शिक्षक बच्चों का चरित्र निर्माण कर रहे हैं और यह अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का आधार है। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में बेसिक शिक्षा विभाग में काफी सुधार हुआ है और कायाकल्प योजना के माध्यम से विद्यालयों की स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षक के बिना विद्यार्थियों के सफल भविष्य की कल्पना संभव नहीं है।

विधायक ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजें। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों से कहा कि वे प्रत्येक अभिभावक को जागरूक करें और पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों को भी इसमें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम आयोजक खंड शिक्षा अधिकारी तरुण कुमार ने कहा कि अभिभावकों से सीधे संपर्क और रैली के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी देकर बच्चों के नामांकन और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी। इस दौरान विधायक ने उत्कृष्ट नामांकन और निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित भी किया।

गोष्ठी के उपरांत मुख्य अतिथि अशोक कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी तथा खंड विकास अधिकारी शिवाकांत बाजपेई ने हरी झंडी दिखाकर स्कूल चलो अभियान रैली को रवाना किया। रैली में स्वयं भी शामिल होकर उन्होंने अभियान का समर्थन किया। कार्यक्रम में सरायमानिक के बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की तथा “अतिथि देवो भव” थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम का संचालन नागेंद्र बहादुर सिंह एवं अमित सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर कमलेश ओझा, रंजीत कुमार, सुशील सिंह, सुनील मौर्य, अतुल मिश्रा, सत्यानंद मिश्रा, आरबी सिंह, कुणाल, पुष्पेंद्र सिंह, कुसुम चंद्र, एआरपी अंकुर मिश्रा, आलोक मिश्रा, विकास पाल, विनय त्रिपाठी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। साथ ही प्रधान संघ अध्यक्ष डीह फूलचंद अग्रहरि एवं क्षेत्र के शिक्षकगण भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Releated Posts

Scroll to Top