रायबरेली। मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता की अध्यक्षता में महात्मा गांधी सभागार, विकास भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जनपद में कार्यरत आउटसोर्स एवं संविदा कर्मचारियों को समयबद्ध रूप से मानदेय उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि आउटसोर्स और संविदा कर्मचारियों का मानदेय निर्धारित समय सीमा के भीतर बिना किसी विलंब के उनके खातों में पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानदेय भुगतान में अनावश्यक देरी या लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि किसी कर्मचारी को मानदेय या कार्यस्थल से संबंधित कोई समस्या आती है, तो उसके समाधान के लिए विभागीय स्तर पर तत्काल कार्रवाई की जाए। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कर्मचारियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कर्मचारियों को उनका अधिकार समय पर मिलना चाहिए और इस दिशा में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने और नियमित समीक्षा के माध्यम से व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद कुमार, उपायुक्त एनआरएलएम सविता सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।










