फिरोजाबाद। किड्स कॉर्नर हैप्पी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हाईस्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही नव-प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नए सत्र में प्रवेश लेने वाले बच्चों का स्वागत और अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। नव-प्रवेशित विद्यार्थियों ने अपनी रुचि के अनुरूप विभिन्न गतिविधियों में आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता की झलक दिखाई दी। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय परिवार ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्या रूपाली भटनागर ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम उन्हें विद्यालय के वातावरण और अनुशासन से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। को-ऑर्डिनेटर दीपाली भटनागर ने कहा कि हर विद्यार्थी में विशेष प्रतिभा होती है, जिसे सही मार्गदर्शन से निखारा जा सकता है।
सीईओ विख्यात भटनागर ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं एडमिनिस्ट्रेटर डॉ. मयंक भटनागर ने छात्रों को आत्मविश्वास बनाए रखते हुए लक्ष्य की ओर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।










