शिक्षा के साथ शारीरिक मजबूती भी आवश्यक

फिरोजाबाद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में स्वामी बच्चू बाबा सरस्वती विद्या मंदिर में बाल कुंभ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 275 बाल स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महानगर के 10 नगरों से लगभग 25-25 स्वयंसेवकों की भागीदारी रही, जो संघ की शाखाओं और गतिविधियों से जुड़े हुए हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ चंद्रनगर विभाग के विभाग प्रचारक अखिलेश ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित यह विशेष कार्यक्रम बाल स्वयंसेवकों के लिए एक यादगार अनुभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान मजबूत करने, देशभक्ति की भावना विकसित करने और पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद व व्यायाम में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

बाल कुंभ के दौरान देशभक्ति गीतों का अभ्यास कराया गया और महापुरुषों की पहचान से संबंधित प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके अलावा जलेबी दौड़, रस्साकसी और कबड्डी जैसे खेलों के माध्यम से बच्चों में शारीरिक दक्षता और टीम भावना का विकास किया गया।

इस अवसर पर महानगर प्रचारक शेखर, महानगर विद्यार्थी प्रचारक दिलीप, वर्ग पालक डॉ. वीरेंद्र, रामकुमार, पवन, प्रेम, विद्यार्थी प्रमुख कुनाल, बाल प्रमुख हर्ष, पारस, आयुष, शिवम, अर्पण और रुद्राक्ष सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद वर्मा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top