सलोन, रायबरेली। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय कन्या सलोन में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के तहत क्विज प्रतियोगिता, जल संरक्षण विषय पर निबंध लेखन तथा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से पृथ्वी पर हरित क्रांति लाने, पौधरोपण करने और जल संरक्षण के महत्व को दर्शाया।
प्रभारी प्रधानाध्यापक मणिपाल ने बच्चों को संबोधित करते हुए पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने जीव-जंतुओं, पेड़-पौधों और जड़ी-बूटियों के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक मोहम्मद जहदी की देखरेख में किया गया। इको क्लब के अंतर्गत शुभी, खुशी, रोहिणी, प्रज्ञा, प्रतिमा पाल, इंद्रसेन, आयुष, सृष्टि, दीप कुमार, पल्लवी, सलमान, आदर्श सहित अन्य बच्चों ने चित्रकला के माध्यम से पृथ्वी के चित्र बनाकर पौधरोपण, जल संरक्षण और कचरे के उचित निस्तारण का संदेश दिया।
मोहम्मद जहदी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण अत्यंत आवश्यक है और प्लास्टिक व पॉलिथीन के उपयोग को कम करना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों और बच्चों से पृथ्वी को प्रदूषण से बचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सेवानिवृत्त शिक्षक संघ के जिला मीडिया प्रभारी मोहम्मद इस्माइल खान ने भी बच्चों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सत्य प्रकाश यादव के निर्देशन में विकास क्षेत्र में इस प्रकार की प्रतियोगिताएं नियमित रूप से आयोजित की जा रही हैं और विद्यालय में इको क्लब को बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों से स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने हेतु शत-प्रतिशत नामांकन कराने की अपील की गई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक मोहम्मद मुस्तकीम, अंजू देवी और प्रभाकर लाल पटवा का विशेष सहयोग रहा।





