• Home
  • रायबरेली
  • गंगा में डूबने से तीन की मौत, डीएम व एसपी ने परिजनों से की मुलाकात

गंगा में डूबने से तीन की मौत, डीएम व एसपी ने परिजनों से की मुलाकात

रायबरेली। जनपद के सरेनी थाना क्षेत्र में गंगा नदी में डूबने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में ग्राम रानीखेड़ा निवासी हरिओम (22 वर्ष), हरिशंकर (16 वर्ष) और सत्येंद्र (26 वर्ष) शामिल हैं, जबकि हिमांशु को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरेनी में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार जिला अस्पताल रायबरेली पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

जिलाधिकारी ने शोक संतप्त परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मृतकों के परिवारों को शासन द्वारा अनुमन्य राहत राशि एवं मुआवजा शीघ्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। पुलिस अधीक्षक ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मामले में आवश्यक कार्यवाही की जा रही है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सतर्कता बढ़ाई जाएगी।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नदी तटों पर जाते समय विशेष सावधानी बरतें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला अस्पताल डॉ. पुष्पेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top