हाथरस। सूचना का अधिकार कार्यकर्ता एसोसिएशन (पंजीकृत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार शुक्ला और जिला अध्यक्ष राजीव वार्ष्णेय के नेतृत्व में संगठन ने प्रदेश में सूचना का अधिकार (RTI) और जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) की स्थिति को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में दोनों व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अधिकारियों द्वारा बरती जा रही लापरवाही और शिथिलता का मुद्दा उठाया गया है। संगठन ने आरोप लगाया कि जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण के नाम पर भ्रामक और गलत रिपोर्ट लगाकर मामलों को बंद किया जा रहा है, जिससे पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पा रहा।
वहीं, सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी समय पर न देने या अधूरी जानकारी देने की प्रवृत्ति भी बढ़ रही है, जो कानून की मूल भावना के विपरीत है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि गलत रिपोर्ट लगाने और सूचना छिपाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से जवाबदेही का अभाव है और इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। संगठन के पदाधिकारियों ने राज्यपाल से मुलाकात का समय मांगा है, ताकि वे उपलब्ध साक्ष्यों के साथ अपनी बात रख सकें और व्यवस्था में सुधार की मांग कर सकें। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन अपना अभियान और तेज करेगा। इस दौरान संगठन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे।




